भारत की टेस्ट क्रिकेट में हार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोलकाता के बाद गुवाहाटी में भी टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका ने एकतरफा मुकाबले में हराया। मेहमान टीम ने दूसरा टेस्ट 408 रनों के विशाल अंतर से जीतकर दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम की। यह 25 साल बाद पहला मौका है जब दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भारतीय सरज़मीं पर टेस्ट सीरीज जीतने का ऐतिहासिक कारनामा किया है।
25 साल बाद दोहराया गया इतिहास
दक्षिण अफ्रीका ने भारत में पिछली बार साल 2000 में हैंसी क्रोन्ये की कप्तानी में टेस्ट सीरीज जीती थी। तब भी मेहमान टीम ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस बार टेंबा बावुमा की कप्तानी में प्रोटियाज टीम ने एक बार फिर यह उपलब्धि दोहराकर इतिहास को जीवंत कर दिया। 408 रनों की यह जीत दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी जीत भी है।
गुवाहाटी टेस्ट में भारत की करारी हार
साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में मजबूत बढ़त बनाई और भारत के सामने चौथी पारी में 549 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। टीम इंडिया दबाव में ढह गई और सिर्फ 140 रनों पर ऑलआउट हो गई। स्पिनर साइमन हार्मर भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे और 6 विकेट झटके। ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर मार्को यानसेन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’, जबकि साइमन हार्मर को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
भारत लगातार दूसरी बार घर की सीरीज में क्लीन स्वीप
यह लगातार दूसरी बार है जब टीम इंडिया को अपने घर में टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है। इससे पहले 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को 3-0 से हराया था। अब दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 से क्लीन स्वीप देकर भारतीय क्रिकेट के लिए चिंताएं और बढ़ा दी हैं। 40 साल में यह तीसरी बार है जब भारत को घरेलू टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप झेलना पड़ा।
घर पर भारत की क्लीन स्वीप हारें
- 0-2 बनाम दक्षिण अफ्रीका (2000)
- 0-3 बनाम न्यूजीलैंड (2024)
- 0-2 बनाम दक्षिण अफ्रीका (2025)
भारत की टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हारें (रनों के अंतर से)
- 408 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, गुवाहाटी (2025)
- 342 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर (2004)
- 341 रन बनाम पाकिस्तान, कराची (2006)
- 337 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न (2007)
- 333 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, पुणे (2017)
- 329 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता (1996)
एशिया में दक्षिण अफ्रीका की हालिया टेस्ट सीरीज
- 2-0 बनाम बांग्लादेश (2024)
- 1-1 बनाम पाकिस्तान (2025)
- 2-0 बनाम भारत (2025)
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें



