अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हालिया सैन्य संघर्ष के दौरान “सात ब्रांड न्यू विमान” मार गिराए गए थे। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे विमान किस देश के थे। ट्रंप ने दोबारा दोहराया कि उन्होंने दोनों परमाणु शक्तियों के बीच युद्ध को रोकने में अहम भूमिका निभाई।
टोक्यो में कारोबारियों के साथ रात्रिभोज के दौरान ट्रंप ने कहा, “सात विमान गिरा दिए गए थे, सात ब्रांड न्यू, खूबसूरत विमान। वे दो बड़ी परमाणु शक्तियां आपस में भिड़ रही थीं।”
व्यापार रोकने की धमकी दी थी मोदी और पाक नेता को: ट्रंप
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व से बातचीत में स्पष्ट कहा कि अगर दोनों देश लड़ाई जारी रखते हैं, तो अमेरिका उनके साथ कोई व्यापार नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल से कहा कि अगर आप लोग लड़ते रहेंगे, तो हम कोई व्यापार नहीं करेंगे।’’
ट्रंप ने बताया कि भारत और पाकिस्तान ने इस तर्क को खारिज किया और कहा कि युद्ध का व्यापार से कोई संबंध नहीं है। लेकिन ट्रंप के अनुसार उन्होंने समझाया कि इसका “बहुत गहरा संबंध” है क्योंकि दोनों परमाणु शक्तियां हैं और उनका संघर्ष पूरे विश्व को प्रभावित कर सकता है। ट्रंप के अनुसार, ‘‘लगभग 24 घंटे के भीतर संघर्ष खत्म हो गया। यह वाकई अद्भुत था।’’
भारत ने कहा – संघर्षविराम डीजीएमओ स्तर पर हुआ था
- 10 मई को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि भारत और पाकिस्तान ने “पूर्ण और तत्काल” संघर्षविराम पर सहमति जताई है। उन्होंने दावा किया कि यह अमेरिका की मध्यस्थता से संभव हुआ।
- हालांकि, भारत ने स्पष्ट किया कि यह समझौता दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच हुई प्रत्यक्ष बातचीत से हुआ था, न कि किसी तीसरे देश की मध्यस्थता से।
- भारत ने सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था, जिसमें पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर हमले किए गए। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे।
- चार दिन तक चले ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद, 10 मई को दोनों देशों ने संघर्ष समाप्त करने पर सहमति जताई।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



