पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) काफी पीछे चल रही है। इससे राज्य की सत्ता में परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़े: BJP 170 सीटों पर आगे
चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर करीब 12:10 बजे तक BJP 170 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी। वहीं TMC 91 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि अन्य दल 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थे। राज्य की कई अहम सीटों—जैसे मेखलीगंज, माथाभांगा, कूचबिहार दक्षिण, सितालकुची, दिनहाटा, नताबाड़ी, तुफानगंज, कुमारग्राम, कालचीनी, फालाकाटा और मादारीहाट—पर BJP ने बढ़त हासिल की।
कुमार विश्वास का पोस्ट वायरल
इन रुझानों के बीच कवि और वक्ता कुमार विश्वास का एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने बांग्ला भाषा में भावनात्मक पंक्तियां साझा करते हुए बंगाल के प्रति अपना प्रेम व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा:
“आमार शोनार बांग्ला,
आमि तोमाए भालोबाशी,
चिरोदिन तोमार आकाश,
तोमार बताश,
अमार प्राने बजाए बाशी”
सिंगुर सीट पर BJP की बढ़त, TMC पीछे
चुनाव प्रचार के दौरान सबसे चर्चित रही सिंगुर विधानसभा सीट पर भी BJP ने शुरुआती रुझानों में बढ़त बना ली है। यहां BJP उम्मीदवार अरूप कुमार दास अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी TMC के बेचाराम मन्ना से करीब 2,965 वोटों से आगे चल रहे हैं। दास को 15,516 वोट मिले हैं, जबकि मन्ना को 12,651 मत प्राप्त हुए हैं। सिंगुर में टाटा नैनो फैक्ट्री का मुद्दा इस बार चुनाव में प्रमुख रहा।
राजनीतिक समीकरण बदलने के संकेत
इन रुझानों से साफ संकेत मिल रहा है कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है। हालांकि, अंतिम नतीजों का इंतजार अभी बाकी है, लेकिन शुरुआती आंकड़े BJP के पक्ष में जाते दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें



