भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी है। काठगोदाम से दानीजाला होते हुए अमृतपुर तक बनने वाले बाईपास मोटर मार्ग को आखिरकार भारत सरकार की मंजूरी मिल गई है। यह जानकारी भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने दी।
विधायक कैड़ा ने बताया कि काठगोदाम से रानीबाग के बीच गुलाब घाटी क्षेत्र में अक्सर भारी जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे न सिर्फ भीमताल बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
मुख्यमंत्री धामी से की थी मांग, अब मिला हरी झंडी
विधायक कैड़ा ने बताया कि लगातार ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से काठगोदाम से दानीजाला-सिमलखेत-अमृतपुर तक बाईपास मार्ग निर्माण की मांग की थी। मुख्यमंत्री की पहल पर प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया। अब केंद्र सरकार से वन एवं पर्यावरण विभाग की आवश्यक स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे मार्ग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
कुमाऊं को मिलेगा जाम से स्थायी समाधान
विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि जल्द ही काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और व्यावसायिक वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह बाईपास बनने से गुलाब घाटी में ट्रैफिक का दबाव घटेगा और क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को भी नया बल मिलेगा। विधायक ने केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
