नेपाल की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। देश के गृहमंत्री सुधन गुरुंग ने पद संभालने के महज 26 दिनों के भीतर ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बुधवार (22 अप्रैल 2026) को यह फैसला लिया। गुरुंग ने अपने इस्तीफे के पीछे वित्तीय संपत्तियों से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की बात कही है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी साझा की।
विवादों में घिरे निवेश और कारोबारी संबंध
सुधन गुरुंग पर विवादित कारोबारी दीपक भट्टा के साथ व्यावसायिक साझेदारी रखने के आरोप लगे थे। इसके अलावा माइक्रो इंश्योरेंस कंपनियों में संदिग्ध निवेश को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि दीपक भट्टा पर मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं और उनके खिलाफ जांच जारी है। ऐसे में गुरुंग के साथ उनके संबंधों ने राजनीतिक हलकों में बहस को तेज कर दिया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख, लेकिन खुद पर उठे सवाल
गौरतलब है कि गृहमंत्री बनने के बाद सुधन गुरुंग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया था। हालांकि, निजी निवेशों को लेकर लगे आरोपों ने उनकी छवि पर असर डाला और विपक्ष के साथ-साथ जनता के बीच भी सवाल उठने लगे। बढ़ते राजनीतिक दबाव और विरोध के बीच आखिरकार उन्होंने पद छोड़ने का फैसला लिया।
फेसबुक पोस्ट में क्या कहा?
अपने आधिकारिक बयान में सुधन गुरुंग ने लिखा कि— “मुझसे जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने, हितों के टकराव से बचने और जांच प्रक्रिया को प्रभावित होने से रोकने के लिए मैंने गृहमंत्री पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।”
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप



