HomeUttarakhandतहसील दिवस में जनता का फूटा गुस्सा, शिकायतों पर प्रशासन एक्शन मोड...

तहसील दिवस में जनता का फूटा गुस्सा, शिकायतों पर प्रशासन एक्शन मोड में

सितारगंज में मंगलवार को महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट परिसर में आयोजित तहसील दिवस में आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना है।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से यह भी कहा कि तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों को निस्तारित करने के साथ-साथ सीएम जन समर्पण पोर्टल पर अपलोड करना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

86 शिकायतें दर्ज, 45 मामलों का मौके पर निस्तारण

तहसील दिवस में सड़क, बिजली, पानी, जलभराव, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, सोलर लाइट और विभिन्न प्रमाण पत्रों से जुड़ी कुल 86 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 45 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

अतिक्रमण हटाने और भू-कटाव रोकने के निर्देश

वार्ड नंबर-10 निवासी अनिरुद्ध राय ने सरकारी अस्पताल तक जाने वाले रास्ते और बंद गली से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उप जिलाधिकारी को स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके अलावा ग्राम तिलियापुर में कटना नदी से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए पिचिंग कार्य कराने की मांग भी रखी गई। इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

सोलर सब्सिडी और सड़क-बिजली सुविधा पर कार्रवाई

वार्ड नंबर-9 के मीना अग्रवाल, मुकेश कुमार गोयल और रोशन लाल अग्रवाल ने प्रधानमंत्री योजना के तहत लगाए गए सोलर पैनलों की सब्सिडी दिलाने की मांग की। इस पर परियोजना अधिकारी उरेडा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्रीन सिटी नहर पार कॉलोनी के निवासियों ने नई कॉलोनी में सड़क और बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इस पर विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बिजली बिल, अवैध कब्जे और सड़क मरम्मत की शिकायतें भी उठीं

ग्राम करघटिया निवासी मुखत्यार सिंह ने गलत बिजली बिल की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर बिजली विभाग को मीटर जांच कर बिल सही करने को कहा गया। वहीं ग्राम हल्दुआ निवासी गीता देवी ने भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की, जिस पर जांच के आदेश दिए गए।

ग्राम चैमेला बमनपुरी के ग्रामीणों ने पेयजल पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक कराने की मांग उठाई। इस पर लोक निर्माण विभाग को सड़क मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

छोटी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने कहा कि जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को अपने स्तर पर ही समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं हो पाया है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजा गया है और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

तहसील दिवस में ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला पंचायत सदस्य भास्कर सम्भल, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, सीओ बीएस धौनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, मुख्य शिक्षाधिकारी हरेंद्र मिश्रा, तहसीलदार हिमांशु जोशी सहित कई विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


खबर आपको कैसी लगी, comment box में अवश्य लिखें। वेबसाइट को सब्सक्राइब और लाइक करना भी नहीं भूलें

इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-

Most Popular

About Khabar Sansar

Khabar Sansar (Khabarsansar) is Uttarakhand No.1 Hindi News Portal. We publish Local and State News, National News, World News & more from all over the strength.